कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया वन मंडल में रेंजरों के तबादले के आदेश जारी हुए एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक कई स्थानों पर रेंजरों ने अपना पदभार नहीं छोड़ा है और न ही नए पदस्थ अधिकारियों को प्रभार सौंपा गया है। विभागीय आदेशों के बावजूद जमीनी स्तर पर इनका पालन शून्य नजर आ रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित रेंजर मार्च क्लोजिंग का हवाला देकर पदभार हस्तांतरण में देरी कर रहे हैं। हालांकि विभागीय नियमों के तहत तबादले के बाद तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण और प्रभार सौंपने की प्रक्रिया पूर्ण की जानी चाहिए, लेकिन यहां इस प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इससे वन विभाग के कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है और नई पदस्थापना वाले अधिकारियों को काम संभालने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी। साथ ही प्रभार देने में अनावश्यक देरी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।
वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से अपेक्षा की जा रही है कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप करें और आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं, ताकि विभागीय कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।

0 टिप्पणियाँ