नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
चरचा कालरी ........शुक्रवार का दिन चरचा थाना के लिए बेहद सराहनीय और उपलब्धियों से भरा दिन साबित हुआ। थाना प्रभारी आनंद सोनी के नेतृत्व में पूरी टीम ने असाधारण सक्रियता और तत्परता का परिचय देते हुए दो नाबालिग युवतियों सहित एक अन्य महिला को सकुशल खोज निकालने में बड़ी सफलता हासिल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग युवतियों के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होते ही चर्चा पुलिस हरकत में आ गई। रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही पुलिस ने दोनों मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण कर लिया, जो पुलिस की तेज़ कार्यशैली का प्रमाण है।
पहली नाबालिग युवती को अंबिकापुर से सकुशल बरामद किया गया, वहीं दूसरी नाबालिग को जिला अस्पताल बैकुंठपुर के समीप से खोज निकाला गया। इन दोनों ही मामलों में मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे पुलिस को त्वरित सफलता मिली।इसके साथ ही, चर्चा पुलिस ने एक अन्य महिला को हैदराबाद से खोज निकालने में भी सफलता प्राप्त की, जो कि एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
थाना प्रभारी आनंद सोनी अपनी पदस्थापना के बाद से ही लगातार सक्रिय और सजग रहे हैं। उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र के कई गंभीर प्रकरणों का भी सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है, जिससे आम जनता में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित नाबालिग बच्चियों के बयान के आधार पर आने वाले समय में इस पूरे मामले में कुछ और चौंकाने वाली और महत्वपूर्ण जानकारियाँ सामने आने की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह प्रकरण और भी गंभीर रूप ले सकता है। पुलिस द्वारा आगे की जांच तेज़ी से जारी है।
पुलिस टीम की इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई से क्षेत्र में खुशी और संतोष का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों ने थाना प्रभारी और उनकी टीम की इस उपलब्धि की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।


0 टिप्पणियाँ