कोरिया बैकुंठपुर। विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिम्मेदाराना और संवेदनशील रुख अपनाते हुए छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एक बार फिर मानवता की मिसाल बने। मंगलवार को वे बैकुंठपुर क्षेत्र के विधायक भैया लाल राजवाड़े का स्वास्थ्य हालचाल जानने अस्पताल पहुँचे। अस्पताल में भर्ती विधायक का उपचार चल रहा है और स्वास्थ्य मंत्री ने उनके स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत जानकारी ली तथा चिकित्सकों को सर्वोत्तम देखभाल हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक मार्मिक घटना हुई जिसने मंत्री की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता को उजागर कर दिया। अस्पताल में रहते हुए स्वास्थ्य मंत्री के आधिकारिक फेसबुक पोस्ट पर एक नागरिक जीतु माथुर ने सहायता मांगते हुए टिप्पणी की। अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि उनके बच्चे और माता का पिछले एक माह से मुंबई में उपचार चल रहा है लेकिन मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का फंड अब तक ट्रांसफर नहीं हुआ है। आर्थिक तंगी के चलते इलाज प्रभावित हो रहा है और उन्होंने मंत्री से विनम्र निवेदन किया कि इस संबंध में तत्काल मदद कराई जाए।
फेसबुक पर किया गया यह संदेश हजारों लोगों की भीड़ के बीच सामान्य होकर भी स्वास्थ्य मंत्री की नजर से नहीं बचा। टिप्पणी पढ़ते ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बिना समय गंवाए तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने अपने प्रतिनिधि के माध्यम से जतिन माथुर से विस्तृत जानकारी मांगी और टिप्पणी के उत्तर में उन्हें निर्देश दिया कि वे अपना पूरा विवरण जल्द से जल्द उपलब्ध कराएँ ताकि आवश्यक कदम उठाए जा सकें। मंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच पर इस प्रकार की त्वरित प्रतिक्रिया ने लोगों को एक बार फिर भरोसा दिलाया कि सरकार आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुन रही है।
स्वास्थ्य मंत्री की इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजनाएँ केवल कागजों में नहीं, बल्कि ज़मीन पर भी पूर्ण जवाबदेही के साथ लागू की जा रही हैं। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना जैसे अनेक कार्यक्रम गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आम नागरिकों के लिए जीवनरेखा बन चुके हैं। जब किसी जरूरतमंद के सामने आर्थिक संकट आ जाए, तब समय पर सरकारी सहायता मिलना ही उसका सबसे बड़ा सहारा बनता है।
फेसबुक पर की गई एक छोटी सी टिप्पणी पर स्वास्थ्य मंत्री की तुरंत प्रतिक्रिया ने प्रदेश में संवेदनशील शासन-व्यवस्था की सकारात्मक छवि पेश की है। लोगों में यह संदेश गया है कि छत्तीसगढ़ सरकार नागरिकों की समस्याओं को न केवल सुन रही है, बल्कि त्वरित रूप से समाधान भी कर रही है। बैकुंठपुर क्षेत्र के लोग विशेषकर इस बात से संतुष्ट दिखे कि उनके जनप्रतिनिधि और मंत्री दल लगातार जनता के साथ खड़े हैं।
अस्पताल में विधायक भैया लाल राजवाड़े का हालचाल लेने और सोशल मीडिया पर एक जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए तत्काल निर्देश जारी करना—इन दोनों घटनाओं ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की कार्यशैली को जनता के बीच और अधिक लोकप्रिय बना दिया है। निश्चित रूप से यह कदम छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

0 टिप्पणियाँ