कोरिया बैकुंठपुर। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर नगर पालिका बैकुंठपुर में स्थित आकांक्षीय शौचालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह समारोह नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती नविता शिवहरे उपस्थित रहीं। उनके साथ उपाध्यक्ष आशीष यादव, नगर के पार्षद गण तथा नगर पालिका प्रशासन के प्रमुख अधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय दुबे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि आकांक्षीय शौचालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिसे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इस नए शौचालय में स्वच्छ पेयजल, वाशबेसिन, सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, दिव्यांगजन अनुकूल रैंप, सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था तथा नियमित साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन अवसर पर उप अभियंता श्रीमती अनामिका इक्का, विजय बाधवान तथा नगर पालिका के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से शौचालय के रखरखाव एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए नागरिकों से इसका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की।
अध्यक्ष श्रीमती नविता शिवहरे ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्य भी है। आकांक्षीय शौचालय की स्थापना नगर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से नगरपालिका ने स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जनजागरूकता का भी संदेश दिया। उद्घाटन के साथ ही नगर में स्वच्छता को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


0 टिप्पणियाँ