‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष : जिले में जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों की होंगी श्रृंखला शुरू कोरिया जिले में चार चरणों में होंगे सांस्कृतिक-शैक्षणिक आयोजन


कोरिया बैकुंठपुर / राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वीं वर्षगांठ वर्ष 2025-26 के अवसर पर भारत सरकार संस्कृति मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार देशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन प्रारंभ होने जा रहा है। इस श्रृंखला के अंतर्गत कोरिया जिले में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों का संचालन चार चरणों में किया जाएगा। संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा इसके लिए समस्त जिला कलेक्टरों को विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं।

07 नवंबर 2025 को इस अभियान की राष्ट्रीय शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन दूरदर्शन के माध्यम से सुबह 10 से 11 बजे तक प्रसारित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रदेश एवं जिले के सभी कार्यालयों, विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन का आयोजन सुनिश्चित किया गया है।

प्रथम चरण 07 से 14 नवंबर 2025, द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026, तृतीय चरण  07 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान से संयोजित) तथा चतुर्थ व समापन चरण  01 से 07 नवंबर 2026 तक होंगी।

इन चरणों में निबंध-वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला-रंगोली निर्माण, पोस्टर प्रदर्शनी, पुलिस एवं विद्यालय बैंडों द्वारा संगीतमय प्रस्तुति, कवि सम्मेलन, मशाल रैली, संगोष्ठी तथा वंदे मातरम् विषयक लघु फिल्म प्रदर्शन सहित विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। साथ ही वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बूथ स्थापित किए जाएंगे, जिनमें नागरिक अपनी आवाज में राष्ट्रगीत गाकर पोर्टल vandemataram150.in पर अपलोड कर सकेंगे।

वंदे मातरम् @150 अभियान के तहत जिले में 07 नवंबर से 26 नवंबर (संविधान दिवस तक) जन-भागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित करेगी। 

 जिले के नगर पालिका, ब्लॉक मुख्यालयों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में क्रमवार सामूहिक वंदे मातरम् गायन, स्वदेशी संकल्प, प्रदर्शनी, ऐतिहासिक संदर्भों पर संगोष्ठी, तथा निबंध-चित्रकला-रील प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ