कोरिया/बैकुंठपुर — सावन माह के पावन अवसर पर भगवान शिव की आराधना में डूबे श्रद्धालुओं ने परशुराम मंदिर परिसर में भव्य रुद्राभिषेक अनुष्ठान संपन्न किया। यह धार्मिक आयोजन ब्राह्मण संस्कार समिति के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ, जिसमें समिति के सभी सदस्यों समेत अनेक गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं रुद्रसूक्त के पाठ के साथ हुई। भगवान शिव का रुद्राभिषेक पंचामृत (दूध, दही, शहद, घी एवं गंगाजल) से विधिवत रूप से किया गया। इस पावन अनुष्ठान के मुख्य जजमान रूपनारायण पांडे एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सावित्री पांडे रहीं, जिन्होंने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान शिव का अभिषेक किया.
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी, ओंकार पांडे, ज्योति प्रकाश दुबे,राधेश्याम मिश्रा, एस. के. मिश्रा, गजानंद तिवारी, गुरुप्रसाद दुबे, शैलेन्द्र सिंह, डॉ. अंजनी पाण्डे, दिनेश शर्मा, पंकज पांडेय, वरुण दुबे, रोहित दुबे, मनीष शुक्ला, सुनील शर्मा, संजू तिवारी, प्रशांत सिंह, प्रदीप तिवारी सपरिवार, अशोक पांडे एवं वाई. के. मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही, जिन्होंने भक्तिभाव से रुद्राभिषेक में भाग लिया तथा आरती एवं भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान शिव की आराधना की।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम के अंत में शिव महाआरती तथा प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी उपस्थितों ने भाग लिया।
यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक भक्ति भावना का जीवंत उदाहरण बना।
0 टिप्पणियाँ