कोरिया बैकुंठपुर । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जिले में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जिसके माध्यम से सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया जाएगा।

आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता, योग प्रशिक्षक एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।

आयोजकों के अनुसार योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और निरोग बनाने की एक प्राचीन भारतीय पद्धति है। नियमित योग करने से तनाव, चिंता तथा कई प्रकार की जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव संभव है। विशेष रूप से वृद्धजनों के लिए योग शरीर की लचीलापन, मानसिक शांति तथा स्वास्थ्य को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम का आयोजन इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO) एवं सूर्य फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। वहीं मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार का सहयोग प्राप्त है। आयोजन में जिला कार्यालय आंचल हर्बल प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, आरोग्य भारती तथा अन्य सामाजिक एवं स्वास्थ्य संस्थाएं भी सहभागिता निभाएंगी।

आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और “करो योग, रहो निरोग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।